मंडला। मध्यप्रदेश के मंडला जिले में शिक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी और उनकी पत्नी को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। जानकारी के मुताबिक, जिला प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर (DPC) अरविंद विश्वकर्मा और उनकी पत्नी आरती विश्वकर्मा को 60 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया।

स्कूल संचालक की शिकायत पर कार्रवाई

मामला विद्या निकेतन ककैया स्कूल की मान्यता नवीनीकरण से जुड़ा है। स्कूल संचालक रविकांत नंदा ने बताया कि, DPC अरविंद विश्वकर्मा ने स्कूल की मान्यता प्रक्रिया को सुचारू करने के लिए 1.20 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। नंदा ने इस भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई और जबलपुर के EOW कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। EOW ने शिकायत की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की और रिश्वतखोर को पकड़ने की योजना बनाई।

जाल बिछाकर रंगे हाथों पकड़ा

EOW के मुताबिक, रविकांत नंदा ने पांच दिन पहले DPC को 50 हजार रुपये की पहली किश्त दे दी थी। इसके बाद, 23 सितंबर को अरविंद विश्वकर्मा ने शेष 60 हजार रुपये की मांग की। गुरुवार सुबह, उन्होंने बहाना बनाया कि वे जबलपुर जा रहे हैं और रिलायंस पेट्रोल पंप पर राशि लाने को कहा। चतुराई से उन्होंने अपनी पत्नी आरती को पैसे लेने के लिए भेजा। EOW की टीम ने जाल बिछाकर दोनों को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

See also  रायपुरः संत जलाराम का 223 वां जन्मोत्सव हर्षोउल्लास से मनाने की तैयारी