भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना में आवेदन की अंतिम तारीख को बढ़ाकर 30 सितंबर 2025 कर दिया है। संचार प्रतिनिधि अब इस तारीख तक आवेदन कर सकते हैं। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए पत्रकारों को पिछले वर्ष 2024-25 की तरह ही प्रीमियम देना होगा, जबकि बढ़े हुए प्रीमियम की शेष राशि सरकार वहन करेगी।
स्वास्थ्य और दुर्घटना बीमा योजना की अंतिम तारीख बढ़ी
संचार प्रतिनिधियों के लिए स्वास्थ्य बीमा और दुर्घटना समूह बीमा योजना के आवेदन की अंतिम तारीख पहले 27 सितंबर थी, जिसे अब बढ़ाकर 30 सितंबर 2025 किया गया है। सभी पत्रकारों से अपील है कि वे समय पर आवेदन कर इस योजना का लाभ उठाएं। अधिक जानकारी के लिए जनसंपर्क विभाग की वेबसाइट https://mpinfo.org/ पर जाकर विवरण देख सकते हैं।
व्यक्तिगत बीमा पर जीएसटी में छूट
केंद्र सरकार ने जीएसटी सुधारों के तहत व्यक्तिगत जीवन और स्वास्थ्य बीमा पॉलिसियों पर जीएसटी को शून्य कर दिया है। हालांकि, समूह बीमा योजनाओं पर जीएसटी में कोई बदलाव नहीं किया गया है।


