टीआरपी डेस्क। तमिलनाडु के करूर में तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) प्रमुख और अभिनेता से राजनेता बने विजय की रैली के दौरान भारी भीड़ जमा होने से भगदड़ मच गई। इस हादसे में कई लोग बेहोश हो गए, और घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, भगदड़ में 39 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 95 घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
त्वरित चिकित्सा सहायता के निर्देश
मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने घटना पर गहरी चिंता जताते हुए तत्काल जांच और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के आदेश दिए हैं। करूर के डीएमके विधायक सेंथिल बालाजी ने बताया कि जिले के सभी डॉक्टर ड्यूटी पर हैं, और अन्य जिलों से अतिरिक्त मेडिकल स्टाफ बुलाया गया है। घायलों को सरकारी के साथ-साथ निजी अस्पतालों में भी भर्ती कराया गया है। निजी अस्पतालों को मरीजों से कोई शुल्क न लेने का निर्देश दिया गया है।



