बलरामपुर। जिले के ग्राम झोरपारा स्थित पूर्व माध्यमिक शाला में सातवीं कक्षा की छात्रा के साथ बैड टच की शिकायत सामने आने पर शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी शिक्षक घूरन राम पटेल को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही संकुल समन्वयक को भी पद से हटा दिया गया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस में भी अपराध दर्ज कर लिया गया है।

जिले के वाड्रफनगर विकासखंड के अंतर्गत आने वाले पूर्व माध्यमिक शाला झोरपारा में एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि विद्यालय में पढ़ने वाली सातवीं कक्षा की छात्रा के साथ वहां कार्यरत शिक्षक घूरन राम पटेल ने अनुचित व्यवहार (बैड टच) किया। यह मामला सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर आक्रोश फैल गया और अभिभावकों ने सख्त कार्रवाई की मांग की।

शिक्षा विभाग की कार्रवाई

मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला शिक्षा विभाग ने तत्काल जांच शुरू की। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक (JD) शिक्षा ने आरोपी शिक्षक घूरन राम पटेल को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया। इतना ही नहीं, इस प्रकरण में लापरवाही बरतने पर संकुल समन्वयक को भी पद से हटा दिया गया है।

See also  मिड-डे मील में घटिया भोजन : प्रधान पाठक सहित तीन को किया निलंबित, समूह से छीना गया काम

पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज

इस घटना के सामने आने के बाद वाड्रफनगर पुलिस चौकी में आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अपराध कायम कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।