टीआरपी डेस्क। Animal Cruelty : मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में एक हृदयविदारक और अमानवीय घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मायापुर थाना क्षेत्र के ग्राम शेरगढ़ मजरा में एक शख्स ने अपने 2 बेटों के साथ मिलकर खेत में घुसी 12 भैंसों के थन कुल्हाड़ी से काट दिए। इस क्रूरता से इलाके के लोगों में भारी आक्रोश है।

क्या है पूरा मामला ?

बरखेड़ा निवासी कृपाल सिंह गुर्जर ने मायापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि उनकी और अन्य ग्रामवासियों की 12 भैंसें गांव के पठार पर चरने गई थीं, जो चरते-चरते पास स्थित शिवदयाल लोधी के खेत में घुस गईं। थोड़ी फसल को नुकसान पहुंचा तो शिवदयाल लोधी ने गुस्से में आकर अपने बेटों टीकाराम लोधी और अनिल लोधी के साथ मिलकर सभी भैंसों को पकड़ा और कुल्हाड़ी से उनके थन काट दिए।

भैंसें गंभीर रूप से घायल

हमले के बाद सभी भैंसें खून से लथपथ हालत में अपने मालिकों के पास पहुंचीं। यह दृश्य देख मालिक परिवारों का दिल दहल गया। जिसके बाद मालिकों ने सबसे पहले घायल भैंसों का इलाज कराया और फिर पुलिस के पास पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई गई।

See also  ट्रेनों में चोर सक्रिय, सफर में रहें एलर्ट, समता एक्सप्रेस में नौ लाख की हो गई उठाईगिरी, जेवर रखा हैंडबैग ले भागे चोर

पुलिस ने दर्ज किया मामला

मायापुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 के तहत मामला दर्ज किया है और आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामवासी कर रहे सख्त कार्रवाई की मांग

Animal Cruelty : यह क्रूरता भरी घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा और आक्रोश का विषय बन गई है। स्थानीय लोगों और पशु प्रेमियों ने प्रशासन से आरोपियों को कठोर से कठोर सजा देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बेजुबान जानवरों पर इस तरह की हैवानियत बर्दाश्त नहीं की जा सकती।