खंडवा। Tagic Accident On Dussehra : मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में दशहरा पर्व के दौरान एक भयानक हादसा हुआ। पंधाना थाना क्षेत्र के पाडल फाटा गांव के पास जमाली में आबना नदी पर मूर्ति विसर्जन के बाद लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। इस हादसे में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लापता बताए जा रहे हैं।
घटना गुरुवार शाम करीब 5 बजे हुई, जब ट्रॉली में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग समेत लगभग 20-25 लोग सवार थे। पुलिया पर संतुलन बिगड़ने के कारण ट्रॉली नदी में समा गई। तेज बहाव के कारण तुरंत बचाव संभव नहीं हो पाया।
मौके पर पंधाना थाना पुलिस, जिला प्रशासन और स्थानीय एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अब तक 4-5 शव बरामद किए गए हैं और घायलों को खंडवा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ड्रोन और गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन जारी है।
सीएम ने हादसे पर जताया दुख
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता दी जाएगी और घायलों को अस्पताल में समुचित इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने देवी मां दुर्गा से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और शोक संतप्त परिजनों को संबल देने की प्रार्थना भी की।


