रायपुर। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने ‘महतारी वंदन’ योजना में 4 लाख महिलाओं के नाम कटने के कांग्रेस के आरोपों पर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले यह स्पष्ट करे कि उन्होंने युवाओं को देने का वादा किया गया 2,500 रुपये का बेरोजगारी भत्ता कितने लोगों को मिला और कितनी राशि दी गई।
मंत्री यादव ने मीडिया से बातचीत में बताया कि आज ‘महतारी वंदन योजना’ की 20वीं किश्त जारी की जा रही है। इस योजना के तहत महिलाओं के खातों में हर महीने 1,000 रुपये सीधे जमा किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह राशि पूरी पारदर्शिता के साथ जनता तक पहुंच रही है और सरकार ईमानदारी से अपने दायित्व निभा रही है।
गजेंद्र यादव ने बस्तर के दशहरा दौरे को लेकर कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का यहां शामिल होना गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार के नेतृत्व में बस्तर में शांति की स्थिति बेहतर हो रही है। नक्सलवाद पर लगातार कार्रवाई जारी है और नक्सली अब शांति की राह अपनाने को मजबूर हो रहे हैं।



