टीआरपी डेस्क। Attack on BJP Leaders : बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित उत्तर बंगाल के नागराकाटा इलाके में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए पहुंचे भाजपा सांसद खगेन मुर्मू और सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। हमले में दोनों नेता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और फिलहाल उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पथराव से घायल हुए सांसद और विधायक
जानकारी के मुताबिक जब भाजपा नेता बाढ़ राहत सामग्री और हालात का जायजा लेने पहुंचे, उसी दौरान नाराज भीड़ ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और पथराव शुरू कर दिया। पथराव के दौरान सांसद खगेन मुर्मू के सिर में गंभीर चोट आई, वहीं विधायक शंकर घोष के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। पथराव में उनकी गाड़ियां भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
TMC पर सुनियोजित साजिश का आरोप
घटना के तुरंत बाद भाजपा नेताओं ने इस हमले के लिए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) को जिम्मेदार ठहराया। भाजपा का कहना है कि यह हमला पूरी तरह से राजनीतिक साजिश थी, ताकि विपक्ष को जनता से मिलने और उनकी समस्याओं को उठाने से रोका जा सके।
स्थानीय लोगों की नाराजगी भी आई सामने
एक ओर स्थानीय लोगों ने यह हमला बाढ़ के बाद सरकार और प्रशासन द्वारा मिल रहे राहत में लापरवाही के चलते उपजे गुस्से का नतीजा बताया है। लोगों का कहना है कि बाढ़ के बाद सही समय पर न तो राहत पहुंची, न ही प्रशासन ने कोई ठोस कदम उठाया, जिससे इलाके में काफी आक्रोश है।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। मौके पर पुलिस की टीम तैनात कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है, हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
उत्तर बंगाल में भारी बारिश से हालात गंभीर
Attack on BJP Leaders : गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों में उत्तर बंगाल में भारी बारिश और बाढ़ के कारण कई लोगों की जान जा चुकी है और हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। नागराकाटा, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जैसे इलाकों में हालत बेहद खराब हैं। राहत कार्य जारी हैं लेकिन कई जगहों पर स्थानीय लोग प्रशासनिक उदासीनता से नाराज नजर आ रहे हैं।


