अंबिकापुर। देशभर के निवेशकों से “मिस्टर मिंट” क्रिप्टो करेंसी के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के एक और संचालक को मुंबई पुलिस ने अंबिकापुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बलविंदर सिंह छाबड़ा (बल्ली) को उसके घर से पकड़ा और ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले गई।

यह मामला जुलाई 2025 में ठाणे शहर के मुंब्रा थाना में दर्ज किया गया था। एफआईआर में अंबिकापुर के बलविंदर सिंह छाबड़ा समेत कई संचालकों के नाम हैं।इसके पहले पुलिस ने रायपुर के बेबीलोन होटल से प्रमोद साहू और राहुल भदोरिया को गिरफ्तार कर चुकी है।

जांच में सामने आया कि मिस्टर मिंट क्रिप्टो के संचालकों ने फर्जी क्रिप्टो टोकन और नकली एक्सचेंज बनाए। सेबी और RBI के नाम पर जाली दस्तावेज तैयार किए और इसके जरिए निवेशकों को भारी मुनाफे का झांसा दिया।

इस कंपनी ने विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए सेलिब्रिटी प्रचार का सहारा लिया और दावा किया कि उसके पास सेबी और RBI से लाइसेंस है। सरगुजा पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, मुंबई पुलिस ने यह कार्रवाई सेना के एक रिटायर्ड अधिकारी की शिकायत पर की। इसमें संचालकों के खिलाफ दर्ज धारा 316(2), 316(5), 318(4), 351(3), 352, 3(5) बीएनएस एक्ट और महाराष्ट्र प्रोटेक्शन ऑफ डिपॉजिटर एक्ट 1999 के तहत मामला पंजीकृत है।

See also  सूबेदार, उप निरीक्षक, प्लाटून कमांडर पद के लिए दस्तावेज सत्यापन तिथि जारी

मुंबई पुलिस ने नामजद आरोपी बलविंदर सिंह को हिरासत में लेकर वापस लौटते हुए मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।