टीआरपी डेस्क। Amazing Waterfall : छत्तीसगढ़ के सक्ती-कोरबा मार्ग पर, सक्ती से लगभग 20 km की दूरी पर स्थित दमउदहरा (दमाऊधारा) जलप्रपात न केवल प्राकृतिक सौंदर्य का अनुपम स्थल है, बल्कि यह धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान माना जाता है। जहां सड़क मार्ग के जरिए निजी वाहन या टैक्सी के माध्यम से आसानी से पहुंचा जा सकता है। इस जलप्रपात का सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन सक्ती है, जबकि सबसे पास स्थित हवाई अड्डा रायपुर है।

दमउदहरा का प्रमुख आकर्षण इसका मनमोहक जलप्रपात है, जिसका पानी ऊंची पहाड़ियों से बहते हुए नीचे गिरता है। बरसात के मौसम में यह झरना अपने चरम सौंदर्य पर होता है। चारों ओर फैली हरियाली, झरने की गूंजती आवाज और ठंडा वातावरण हर पर्यटक को आकर्षित करता है। आसपास के घने जंगल, प्राकृतिक गुफाएं और ऊंचे पर्वत इस स्थल को रोमांच और फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए एक श्रेष्ठ स्थल बना देते हैं। इस अद्भुत प्राकृतिक छटा के कारण दमउदहरा को छत्तीसगढ़ का छुपा हुआ रत्न कहा जा सकता है।

See also  चित्रकोट का प्लान है, ये दो दिन छोड़कर जाना क्योंकि बंद रहेगा पूरा स्पॉट…

धार्मिक दृष्टि से दमउदहरा एक पूजनीय स्थल भी है। यहं राम-जानकी मंदिर, राधा-कृष्ण मंदिर, ऋषभदेव जैन तीर्थंकर मंदिर, हनुमान मंदिर, भगवान शिव-पार्वती मंदिर और विष्णु-लक्ष्मी मंदिर जैसे कई पवित्र स्थल स्थित हैं। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीराम अपने वनवास काल में दमउदहरा (गूंजी क्षेत्र) पहुंचे थे। कहा जाता है कि उन्होंने यहां विश्राम और पूजा-अर्चना की थी, जिससे यह क्षेत्र “ऋषभ तीर्थ” के नाम से प्रसिद्ध हुआ। श्रद्धा और भक्ति का यह संगम स्थान धार्मिक यात्राओं के लिए एक अनूठा गंतव्य बन चुका है।

इतिहासकार लोचन प्रसाद पांडेय द्वारा खोजे गए ‘गूंजी शिलालेख’ का उल्लेख भी इस स्थल की ऐतिहासिक महत्ता को और बढ़ाता है। इस शिलालेख में उस समय की धार्मिक गतिविधियों, सामाजिक जीवन और शासन व्यवस्था का वर्णन मिलता है, जो दमउदहरा की प्राचीनता और सांस्कृतिक समृद्धि का प्रमाण है।

हर साल जनवरी के महीने में यहां भव्य मेले का आयोजन किया जाता है, जिसमें दूर-दराज से श्रद्धालु और पर्यटक बड़ी संख्या में शामिल होते हैं। विशेष रूप से सूर्य ग्रहण के अवसर पर यहां स्नान और पूजा-अर्चना का आयोजन होता है। इस दौरान घाटी में साधु-संतों का अद्भुत संगम दिखाई देता है। एक रोचक दृश्य यह भी देखा जाता है कि सूर्य ग्रहण खत्म होते ही जंगली बंदर घाटी में उतर आते हैं। यह दृश्य दमउदहरा की एक अनूठी प्राकृतिक घटना बन चुका है जो हर बार बंदरों द्वारा दोहराई जाती है।

See also  CS आर पी मंडल इस दिन प्रदेश के सभी कमिश्नर, कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ की लेंगे क्लास

दमउदहरा पिकनिक और पारिवार के साथ घूमने के लिए भी बेहद लोकप्रिय है। लोग यहां झरने के पास बैठकर हरियाली के बीच प्रकृति का आनंद लेते हैं। मानसून के मौसम में यहां स्नान का अनुभव मन को सुकून देने वाला होता है। रोमांच और प्राकृतिक सौंदर्य का यह संगम यात्रियों और प्रकृति प्रेमियों के लिए किसी तीर्थ से कम नहीं।

Amazing Waterfall : प्रकृति, आस्था, इतिहास और रोमांच का यह अनोखा मिलन दमउदहरा को छत्तीसगढ़ का एक विशिष्ट पर्यटन स्थल बनाता है। यह स्थान न केवल श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र है, बल्कि स्थानीय संस्कृति, परंपरा और अर्थव्यवस्था के विकास में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। यहां की आध्यात्मिक शांति, झरनों की नमी और पहाड़ियों की हवा हर आगंतुक को आत्मिक अनुभव प्रदान करती है।