टीआरपी डेस्क। भारतीय वायुसेना ने 8 अक्टूबर को अपनी 93वीं वर्षगांठ बड़े उत्साह और गौरव के साथ मनाई। लेकिन इस बार समारोह से ज्यादा चर्चा सोशल मीडिया पर वायुसेना दिवस की डिनर पार्टी के मेन्यू की हो रही है। वजह व्यंजनों का स्वाद नहीं, बल्कि उनके नाम हैं, जिन्हें पाकिस्तानी ठिकानों और सैन्य अभियानों से प्रेरित रखा गया है।

‘93 ईयर्स ऑफ IAF: इनफैलिबल, इम्पर्वियस एंड प्रीसाइज’ शीर्षक वाले इस मेन्यू में हर डिश का नाम भारतीय वायुसेना की सटीक और अचूक कार्रवाइयों की झलक दिखाता है। मेन्यू में रावलपिंडी चिकन टिक्का मसाला, रफिकी रारा मटन, भोलारी पनीर मेथी मलाई, सुक्कुर शाम सवेरा कोफ्ता, सरगोधा दाल मखनी, जकोबाबाद मेवा पुलाव और बहावलपुर नान जैसे व्यंजन शामिल हैं। वहीं मिठाई की सूची में बालाकोट तिरामिसु, मुजफ्फराबाद कुल्फी फालुदा और मुरीदके मीठा पान ने लोगों का दिल जीत लिया।

इन सभी नामों का सीधा संबंध भारत की ऐतिहासिक सैन्य कार्रवाइयों से है। इनमें 2019 की बालाकोट एयरस्ट्राइक और 2025 में हुई ऑपरेशन सिंदूर प्रमुख हैं। ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में स्थित नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था, जिनमें मुरीदके और बहावलपुर जैसे इलाके शामिल थे। वहीं बालाकोट एयरस्ट्राइक ने पुलवामा हमले का जवाब देते हुए पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में जैश-ए-मोहम्मद के प्रशिक्षण केंद्र को नष्ट कर दिया था।

See also  छत्तीसगढ़ में पर्यटन का नया अध्याय; इस योजना से छत्तीसगढ़ पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान

इस वर्ष गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस पर आयोजित मुख्य परेड में वायुसेना ने एक बार फिर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। राफेल, सुखोई-30 MKI, मिग-29, C-17 ग्लोबमास्टर III, C-130J हर्क्यूलिस और अपाचे हेलिकॉप्टर ने आसमान में उड़ान भरते हुए देशवासियों को रोमांचित कर दिया। वायुसेना दिवस का यह जश्न न केवल ताकत का प्रतीक बना, बल्कि भारत की सैन्य परंपरा और सटीकता का भी संदेश देता नजर आया।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।