Weather News

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी अगले दो से तीन दिनों में शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं, लेकिन इस बार वापसी में करीब 10 दिन की देरी हो रही है। सामान्यतः 5 अक्टूबर तक सरगुजा से मानसून की वापसी शुरू हो जाती है, लेकिन इस बार यह 15 अक्टूबर के बाद होने का अनुमान है।

पिछले 24 घंटों में बारिश

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक वर्षा भिलाई (दुर्ग) में 58.6 मिमी हुई। अधिकतम तापमान 32.02 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में और न्यूनतम 19.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रारोड में दर्ज किया गया। अक्टूबर में अब तक 59.1 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य (28.3 मिमी) से 109% अधिक है।

बलरामपुर में 52% अधिक बारिश

30 सितंबर तक के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में औसतन 1167.4 मिमी बारिश हुई। बेमेतरा में 524.5 मिमी (50% कम) और बलरामपुर में 1520.9 मिमी (52% अधिक) बारिश दर्ज की गई। बस्तर, राजनांदगांव और रायगढ़ में बारिश सामान्य रही।

See also  indigo में क्रू की कमी, 150 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल; यात्रियों को हो रही भारी परेशानी

मौसम अलर्ट

मौसम विभाग ने रायपुर, महासमुंद, धमतरी, गरियाबंद सहित कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, बलौदाबाजार और जांजगीर-चांपा में येलो अलर्ट जारी है। पिछले सप्ताह बस्तर और दुर्ग संभाग में ऑरेंज अलर्ट था।

मौसम का मिजाज

अक्टूबर में गुलाबी ठंड की उम्मीद के बावजूद बारिश का दौर जारी है। रायपुर में धूप और बारिश का मिश्रित मौसम देखा गया। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक ऐसी ही स्थिति बने रहने की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।