रायपुर। नवा रायपुर में हुई कलेक्टर्स कॉन्फ्रेंस में कोरबा जिले के प्रदर्शन की जमकर तारीफ हुई। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना में जिले ने उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कोरबा में इस योजना का क्रियान्वयन उत्कृष्ट रहा है और इसे अन्य जिलों के लिए एक आदर्श मॉडल माना जा सकता है।
आपको बता दें कि कुछ समय पहले पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर ने कोरबा कलेक्टर पर सवाल उठाते हुए उनके हटाए जाने की मांग की थी, लेकिन अब सरकार ने उनके काम की खुलकर सराहना की है।
बैठक में कलेक्टर अजीत वसंत ने बताया कि जिले में बैगा और कोरवा जैसी विशेष पिछड़ी जनजातियों के बीच प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को प्राथमिकता दी जा रही है। डीएमएफ (जिला खनिज फाउंडेशन) के सहयोग से योजना की प्रगति पर लगातार काम हो रहा है।
उन्होंने बताया कि पीएम जनमन योजना के तहत बन रहे 700 घरों में सूर्य घर योजना को जोड़ा गया है। हर घर के लिए कुल 60 हजार रुपए की सहायता दी जा रही है जिसमें 45 हजार रुपए सरकारी सब्सिडी और 15 हजार रुपए डीएमएफ फंड से हैं।
मुख्यमंत्री साय ने सभी कलेक्टरों से कहा कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में हितग्राहियों को बैंक फाइनेंस की सुविधा आसानी से दिलाने के भी निर्देश दिए।


