CG Weather Update
CG Weather Update

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की प्रक्रिया जारी है। अगले दो से तीन दिनों में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। वहीं, दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा जारी रहने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों में राज्य में सबसे अधिक 4 सेंटीमीटर वर्षा नानपुर में दर्ज की गई। अधिकतम तापमान दुर्ग में 32.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 16.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

कहां हुई कितनी बारिश

राज्य के विभिन्न हिस्सों में बीते 24 घंटों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। नानगुर में 4 सेमी, अकलतरा और पिपरिया में 3-3 सेमी, जबकि पथरिया, धनोरा, मुंगेली, छुरा, कुमरदा, चारामा, महासमुंद, सरायपाली, कांकेर, नांदघाट, बागबाहरा, कुंडा, भटगांव, सुकमा, बसना, बड़ेराजपुर और मालखरौदा में 2-2 सेमी बारिश हुई। बिलासपुर, नगरी, पिथौरा, नवागढ़, छुईखदान, देवभोग, सूरजपुर, पल्लारी, जांजगीर, लालपुर थाना, नेरहरपुर, सकरी, साल्हेवारा, गंडई, पामगढ़, खैरागढ़, सोनहत, लवन और केल्हारी में 1-1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

See also  अब विदेश जाने वाले यात्री एयरपोर्ट पर करवा सकेंगे कोरोना जांच, पहुंचना होगा इतने घंटे पहले

तापमान में आएगी गिरावट

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि स्थानीय प्रभाव से प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

राजधानी रायपुर का मौसम
रायपुर में अगले 24 घंटों के दौरान आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहेगा। शहर में गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।