राजनांदगांव। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की बिजली बिल हॉफ योजना बंद हो चुकी है और इसका असर आम लोगों की जेब पर पड़ने लगा है। कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदेश भर में प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में पार्टी ने राजनांदगांव में प्रदर्शन किया।
कांग्रेस पार्टी ने लाखों गरीब जनता के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाते हुए बेतहाशा बिजली के मूल्य में वृद्धि के खिलाफ स्थानीय मठपारा स्थित विद्युत मंडल के कार्यालय में धावा बोल दिया। कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार एक षडयंत्र के तहत जनता से लूट–खसोट कर रही है। आम जनता को मिलने वाली इस राहत को भाजपा सरकार ने कष्ट में बदल दिया।
इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कांग्रेस सरकार में 5 वर्षों तक बिजली बिल हाफ योजना सफलतापूर्वक जनता के लिए लागू रही। जिसका लाभ प्रदेश की 54 लाख जनता को मिला। अब भाजपा ने 400 यूनिट की सीमा को समाप्त कर दिया है। ऐसे में बिजली बिल की वृद्धि से आम जनता की आर्थिक कमर टूट गई है। इसी मुद्दे पर कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस के शहर अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा के नेतृत्व में विद्युत मंडल के मुख्य द्वार पर नारेबाजी करते हुए नेताओं ने सरकार को जमकर कोसा। कांग्रेसियों ने बिजली चोर, गद्दी छोड़, 400 यूनिट बिजली योजना प्रारंभ करने व मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के खिलाफ नारे लगाए। साथ ही स्मार्ट मीटर बंद करने के लिए भी कांग्रेसियों ने आवाज उठाई।
बिजली बिल हॉफ योजना बंद होने से आम आदमी को झटका
गौरतलब है कि बिजली बिल हॉफ योजना को भाजपा सरकार ने बंद कर दिया है। इससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार के लिए मुसीबत खड़ी हो गई है। साथ ही विद्युत विभाग की लापरवाही से स्पॉट बिलिंग और ऑनलाइन बिल भुगतान की राशि में काफी अंतर आ रहा है। विद्युत महकमा इस मामले में मौन साधे हुए है। बिजली बिल पटाने के लिए आम लोग सोच में पड़ गए हैं। इसी को मुद्दा बनाते हुए कांग्रेसियों ने प्रदेश भर में प्रदर्शन शुरू किया है।


