टीआरपी डेस्क। इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई मेन्स) 2026 की संभावित परीक्षा तिथियां जारी कर दी हैं। इस बार परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा देशभर के निर्धारित केंद्रों पर एनटीए की गाइडलाइन के अनुसार होगी।

जारी टेंटेटिव शेड्यूल के मुताबिक, जेईई मेन्स 2026 सेशन 1 की परीक्षा 21 से 30 जनवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी, जबकि सेशन 2 की परीक्षा 1 से 10 अप्रैल 2026 तक होगी। यह शेड्यूल एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर अपलोड किया गया है, जिसे उम्मीदवार देख सकते हैं।

रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया और आवेदन तिथियां

एनटीए के अनुसार, सेशन 1 के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया अक्टूबर 2025 में शुरू होगी। वहीं, सेशन 2 के लिए आवेदन जनवरी 2026 के अंतिम सप्ताह से प्रारंभ होंगे। इस बार परीक्षा के संचालन के लिए शिक्षा मंत्रालय ने जेईई एपेक्स बोर्ड (JAB) का पुनर्गठन किया है। सूत्रों के मुताबिक, परीक्षा के सिलेबस में कुछ संशोधन किए जा सकते हैं, हालांकि इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

See also  आर्यन खान ड्रग्स मामला : एनसीबी कस्टडी से लेकर कोर्ट तक पक्ष-विपक्ष की बयानबाजी

जेईई मेन्स 2026 के लिए ऐसे करें आवेदन

  1. आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाएं।
  2. होम पेज पर दिए गए “JEE Mains 2026 Session 1 Registration” लिंक पर क्लिक करें।
  3. आवश्यक विवरण दर्ज कर रजिस्ट्रेशन करें और आवेदन फॉर्म भरें।
  4. मांगे गए दस्तावेज अपलोड करें।
  5. निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान कर फॉर्म सबमिट करें।

जेईई मेन्स स्कोर से मिलेगा बीटेक में प्रवेश

जेईई मेन्स परीक्षा में प्राप्त स्कोर और रैंक के आधार पर देशभर के एनआईटी और अन्य केंद्रीय तकनीकी संस्थानों में बीटेक कोर्स में प्रवेश मिलता है। वहीं, शीर्ष रैंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवार जेईई एडवांस्ड परीक्षा में शामिल होकर आईआईटी में प्रवेश के पात्र बनते हैं।

जेईई मेन्स 2026 से जुड़ी सभी ताजा जानकारी और आधिकारिक नोटिस एनटीए की वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर उपलब्ध है।