टीआरपी डेस्क। शहर में एक महिला से ट्रेडिंग ऐप के माध्यम से 2 करोड़ 25 लाख 77 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। महिला ने क्राइम ब्रांच थाना में शिकायत कर बताया कि,उसे ऐप के जरिये 100 प्रतिशत प्रॉफिट का लालच देकर पैसे ट्रांसफर करवाए गए।
जानकारी के अनुसार, महिला को फेसबुक पर ‘प्रेम जी’ नामक एप का विज्ञापन दिखा। एप इंस्टॉल करने के बाद महिला को कृतिका ठाकुर नामक महिला ने कॉल कर शेयर मार्केट में निवेश और 100 प्रतिशत प्रॉफिट कमाने के तरीके बताए। इसके बाद महिला को एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जिसमें 100 से अधिक नंबर जुड़े हुए थे और डेली निवेश से होने वाले लाभ के प्रलोभन दिए जाते थे।
महिला ने इन प्रलोभनों में आकर कई बार कुल 2.25 करोड़ रुपए निवेश किए। हालांकि, निवेश के बाद कोई लाभ नहीं मिला और जब महिला ने पैसे वापस मांगने की कोशिश की, तब मामला उजागर हुआ। महिला की शिकायत पर क्राइम ब्रांच थाना ने ‘प्रेम जी’ एप के सीईओ राजीव आयुत्री और कृतिका ठाकुर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


