टीआरपी डेस्क। Bihar Assembly Elections 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 दो चरणों में पूरा होने जा रहा है, जिनमें पहले चरण का चुनाव 6 नवंबर और दूसरे चरण का चुनाव 11 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण चुनावी समर में रायपुर दक्षिण से विधायक सुनील कुमार सोनी को भारतीय जनता पार्टी की ओर से 2 प्रमुख विधानसभा क्षेत्रों का प्रभार सौंपा गया है।

सुनील सोनी 22 अक्टूबर को सुबह 8 बजे रायपुर एयरपोर्ट से पटना के लिए रवाना होंगे। पार्टी नेतृत्व द्वारा उन्हें लखीसराय विधानसभा (क्रमांक 168) और जमुई विधानसभा (क्रमांक 241) का प्रभारी नियुक्त किया गया है।

यह जिम्मेदारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष के मार्गदर्शन में सौंपी गई है। यह दोनों विधानसभा क्षेत्र चुनावी दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माने जाते हैं, जहां संगठन की मजबूती, रणनीति और मतदाता संवाद के लिए एक अनुभवी और प्रभावी नेतृत्व की आवश्यकता थी।

विधायक सुनील सोनी पूर्व में भी संगठनात्मक कार्यों में अपनी दक्षता और समर्पण का परिचय दे चुके हैं। उनके प्रभार में यह दोनों क्षेत्र पार्टी की चुनावी रणनीति को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने में सहायक होंगे।

See also  CG News: उप राष्ट्रपति धनखड़ रायपुर पहुंचे, राज्यपाल हरिचंदन और सीएम विष्णुदेव साय ने किया स्वागत