टीआरपी डेस्क। Allegations on Ex DGP : पंजाब के पूर्व DGP मुहम्मद मुस्तफा, उनकी पत्नी और पूर्व मंत्री रजिया सुल्ताना, उनकी बेटी और बहू के खिलाफ उनके बेटे अकील अख्तर की मौत के मामले में हत्या और आपराधिक साजिश का केस दर्ज किया गया है। यह सनसनीखेज मामला हरियाणा के पंचकूला का है, जहां 16 अक्टूबर की रात अकील की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। अब परिवार में चल रहे कथित कलह, अवैध संबंधों और हत्या की साजिश के आरोपों ने इस मामले को और गंभीर बना दिया है।

ओवरडोज को बताया गया मौत की वजह

35 वर्षीय अकील अख्तर पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में वकालत करते थे और 2 बच्चों के पिता थे। घटना की रात परिवार ने दावा किया कि अकील ने किसी दवा का अधिक मात्रा में सेवन कर लिया था। बेसुध हालत में उन्हें सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

See also  ब्रेकिंग JNU विवाद: डरीं कंपनियां, दीपिका पादुकोण के एड दिखाने किए कम

पड़ोसी की शिकायत पर हुई जांच

पड़ोसी शमशुद्दीन द्वारा पुलिस को सौंपी गई शिकायत ने पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया। शमशुद्दीन ने आरोप लगाया कि अकील के पिता मुहम्मद मुस्तफा और उसकी पत्नी के बीच अवैध संबंध थे और इसमें मां रजिया सुल्ताना और बहन भी शामिल थीं। उन्होंने दावा किया कि अकील को पहले से अंदेशा था कि उसे मारने की साजिश रची जा रही है।

वीडियो से पुख्ता हुई शिकायत

मामले को और उलझाने वाला एक वीडियो अब सामने आया है, जिसमें अकील अपने ही परिवार पर आरोप लगाते हुए नजर आ रहा है। यह वीडियो 27 अगस्त का बताया जा रहा है, जिसमें अकील कह रहा है कि उसके अपने ही लोग, पिता, पत्नी, मां और बहन उसे मारने की योजना बना रहे हैं। इस वीडियो को पुलिस ने केस की जांच में अहम सबूत के रूप में शामिल कर लिया है।

पुसिल की कार्रवाई तेज

पंचकूला की MDC थाना पुलिस ने मुहम्मद मुस्तफा, उनकी पत्नी रजिया सुल्ताना, बहू और बेटी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) और 61 BNS (साजिश) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की शुरुआती जांच के बाद आरोपियों से पूछताछ की जाएगी और सभी पहलुओं की गहराई से पड़ताल की जा रही है।

See also  4 बार गुजरात के सीएम रहे कांग्रेस के दिग्गज नेता माधव सिंह सोलंकी का निधन

मुस्तफा और रजिया का राजनीतिक सफर

मुहम्मद मुस्तफा 1985 बैच के IPS अधिकारी रहे हैं और उन्हें सेवा के दौरान 5 वीरता पुरस्कार भी मिल चुके हैं। 2021 में DGP पद से रिटायर होने के बाद वे कांग्रेस से जुड़ गए थे और नवजोत सिंह सिद्धू के सलाहकार भी रहे।

उनकी पत्नी रजिया सुल्ताना चरणजीत सिंह चन्नी की सरकार में कैबिनेट मंत्री थीं। 2022 में उन्हें कांग्रेस ने दोबारा उम्मीदवार बनाया, लेकिन वे चुनाव हार गईं। मुस्तफा की बहू जैनब अख्तर को भी कुछ साल पहले पंजाब वक्फ बोर्ड का चेयरपर्सन नियुक्त किया गया था।

Allegations on Ex DGP : अकील अख्तर की संदिग्ध मौत ने एक प्रतिष्ठित पुलिस अधिकारी और उनके परिवार को कठघरे में ला खड़ा किया है। अवैध संबंधों और घरेलू साजिश के आरोपों ने मामले को बेहद पेचीदा बना दिया है। पुलिस अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोन रिकॉर्ड, CCTV फुटेज और अकील के अन्य डिजिटल सबूतों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।

See also  West Bengal Assembly Elections: भाजपा नेता शुभेन्दु अधिकारी के भाई की गाड़ी पर हमला