रायगढ़। तमनार वन परिक्षेत्र में हाथी की करंट की चपेट में आकर हुई मौत के मामले में वन विभाग ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें पूर्व जिला पंचायत सदस्य का पति भी शामिल है। यह गिरफ्तारी वन परिक्षेत्र अधिकारी विक्रांत कुमार के नेतृत्व में की गई है।

बता दें कि 21 अक्टूबर 2025 को तमनार वन परिक्षेत्र के केराखोल गांव के पास एक सात वर्षीय हाथी की मौत करंट लगने से हो गई थी। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि खेत की मेड़ पर जंगली सूअर का शिकार करने के लिए बिजली का तार बिछाया गया था, जिसकी चपेट में आकर हाथी की मौत हो गई। जांच के दौरान वन अमले ने घटनास्थल से विद्युत तार, खंभे और अन्य उपकरण जब्त किए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने लगातार खोजबीन और पूछताछ के बाद आरोपियों को चिन्हित किया।

See also  बिल्डर ने नाले को पाट कर किया अवैध निर्माण, प्रशासन का चला बुलडोजर, पूरी कार्रवाई नहीं होने से लोग नाराज

इस पूरे मामले पर तमनार रेंजर विक्रांत कुमार ने कहा – वन विभाग की टीम ने इस प्रकरण में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है —1. बसंत राठिया, पिता ठाकुर राम, उम्र 40 वर्ष, निवासी केराखोल (मुख्य आरोपी)2. वीर सिंह मांझी, पिता मेहत्तर मांझी, उम्र 28 वर्ष, निवासी केराखोल 3. रामनाथ राठिया, पिता महेत्तर राठिया, उम्र 42 वर्ष, निवासी औराईमुड़ा। बता दें कि बसंत राठिया भाजपा का नेता है और पूर्व जिला पंचायत सदस्य का पति है, जो मामले का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है।

वन परिक्षेत्र अधिकारी विक्रांत कुमार ने बताया कि  आरोपियों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। वन विभाग अब इस बात की भी जांच कर रहा है कि क्या इस घटना में और लोग भी शामिल हैं।