टीआरपी डेस्क। Doctor’s Suicide : महाराष्ट्र के सतारा जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां फलटन के एक होटल के कमरे में जिला अस्पताल की महिला डॉक्टर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। डॉक्टर ने अपनी हथेली पर सुसाइड नोट लिखकर फांसी लगा ली।
होटल में मिली महिला डॉक्टर की लाश
अधिकारियों के मुताबिक, पीड़िता फलटन के सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में मेडिकल ऑफिसर के पद पर तैनात थी। गुरुवार देर रात वह होटल के कमरे में मृत पाई गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
सुसाइड नोट में ये लिखा
हथेली पर लिखे सुसाइड नोट में महिला डॉक्टर ने लिखा “पुलिस इंस्पेक्टर गोपाल बडने की वजह से मेरी मौत हुई है। उसने मेरे साथ 4 बार रेप किया और पिछले 5 महीनों से मेंटल और फिजिकल टॉर्चर किया।”
पहले भी की थी DSP से शिकायत
डॉक्टर ने जून महीने में ही फलटन ग्रामीण पुलिस विभाग के 3 अधिकारियों के खिलाफ उत्पीड़न की शिकायत DSP को पत्र के जरिए की थी। इसमें उसने लिखा था कि वह गंभीर मानसिक तनाव में है और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
मामले को लेकर कार्रवाई तेज
घटना के बाद महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आरोपी सब-इंस्पेक्टर गोपाल बडने को तुरंत सस्पेंड करने का आदेश जारी कर दिया है।
Doctor’s Suicide : महाराष्ट्र महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर ने कहा, हमने इस दर्दनाक घटना का संज्ञान लिया है। सतारा पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि आरोपियों के खिलाफ तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाए। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।



