टीआरपी डेस्क। Next CJI : CJI बीआर गवई के बाद देश के अगले चीफ जस्टिस की नियुक्ति की प्रक्रिया केंद्र सरकार ने शुरू कर दी है। CJI गवई 23 नवंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इससे पहले तक नए CJI के नाम का चयन होना है। जस्टिस सूर्यकांत अगले CJI बनने की रेस में सबसे आगे हैं और उनका CJI बनना लगभग तय माना जा रहा है।
सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के जजों की नियुक्ति की प्रक्रिया से वाकिफ सूत्रों ने बताया कि जस्टिस गवई की ओर से उनके उत्तराधिकारी का नाम बताने वाला लेटर शुक्रवार की शाम तक सौंपा जाएगा। मेमोरेंडम ऑफ प्रोसीजर (जो सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट जजों की नियुक्ति, ट्रांसफर और पदोन्नति को गाइड करने वाले डॉक्यूमेंट्स का एक सेट) के अनुसार भारत के चीफ जस्टिस के पद पर नियुक्ति सुप्रीम कोर्ट के सबसे सीनियर जज की होनी चाहिए, जिन्हें पद संभालने के लिए फिट माना जाए।
Next CJI : केंद्रीय कानून मंत्री सही समय पर भारत के चीफ जस्टिस से उनके अगले चीफ जस्टिस की नियुक्ति के लिए सिफारिश मांगेंगे। आमतौर पर, यह लेटर मौजूदा CJI के 65 साल की उम्र में रिटायर होने से एक महीने पहले भेजा जाता है। जस्टिस सूर्यकांत CJI गवई के बाद सबसे सीनियर जज हैं और उनके अगले CJI बनने की सबसे ज्यादा संभावना है। एक बार नियुक्त होने के बाद, जस्टिस सूर्यकांत 24 नवंबर को अगले CJI बनकर 9 फरवरी, 2027 तक लगभग 15 महीने तक इस पद पर रहेंगे।



