रायपुर। दिवाली के बाद रायपुर से अन्य शहरों के लिए उड़ान भरने वाले यात्रियों को अब जेब ढीली करनी पड़ रही है। छुट्टियां समाप्त होने के साथ ही वापसी की भीड़ बढ़ गई है, जिससे हवाई किराए में जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिल्ली, बेंगलुरु, पुणे और इंदौर जैसे प्रमुख शहरों के लिए टिकट दरें 15 हजार रुपये से अधिक पहुंच गई हैं।
दिवाली से पहले विभिन्न शहरों से रायपुर आने वाली उड़ानों का किराया अधिक था, लेकिन अब त्योहार के बाद वापसी करने वालों की संख्या बढ़ने से स्थिति उलट गई है। खासकर उत्तर भारत में छठ पर्व की तैयारियों के चलते वहां की ओर यात्रियों की भीड़ बढ़ी है। ट्रेनों में भारी भीड़ और सीटों की कमी के कारण कई लोग हवाई यात्रा को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिससे किराए में तेजी आई है।
स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से देश के अलग-अलग शहरों के लिए उड़ान भरने वाली अधिकांश फ्लाइट्स का न्यूनतम किराया दस हजार रुपये से अधिक हो गया है। जिन रूट्स पर प्रतिदिन केवल एक या दो उड़ानें संचालित होती हैं, वहां किराया 15 हजार से भी ऊपर पहुंच गया है। ट्रैवल एजेंट्स का कहना है कि दिवाली और छठ पूजा का असर रायपुर से निकलने वाली उड़ानों पर लगभग आठ से दस दिन तक रहेगा।
ट्रैवल कारोबारियों के अनुसार रायपुर से दिल्ली का किराया वर्तमान में 11 से 17 हजार रुपये, बेंगलुरु का 16 हजार, पुणे का 15 हजार, हैदराबाद का 14 से 17 हजार, इंदौर का 12 से 14 हजार और कोलकाता का किराया लगभग 10 हजार रुपये तक पहुंच चुका है। वहीं, छठ पूजा के कारण प्रयागराज और लखनऊ की उड़ानों का किराया क्रमशः 12 हजार और 10 हजार रुपये तक दर्ज किया जा रहा है।


