बेमेतरा। शहर में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। बताया जा रहा है कि एक रईसजादे की तेज रफ्तार डिफेंडर कार ने अलग-अलग स्थानों पर पांच वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका उपचार बेमेतरा जिला अस्पताल में जारी है।

आक्रोशित भीड़ ने मचाया हंगामा

घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों और मृतकों/घायलों के परिजनों ने तुरंत आरोपी व्यापारी के घर का घेराव कर दिया और जमकर हंगामा मचाया। भीड़ ने उग्र होकर आरोपी के घर में खड़ी गाड़ी और घर के शीशे तोड़ दिए।

पुलिस ने हालात को किया काबू में

हादसे और हंगामे की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। आरोपी के घर के बाहर भारी भीड़ जमा रही और वे दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करते हुए आरोपी के घर में घुसकर कार्रवाई करनी पड़ी। इस दौरान भीड़ और पुलिस के बीच हल्की झड़प भी हुईं, लेकिन आखिरकार पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण पा लिया।

See also  सर्वदलीय बैठक खत्म: कौशिक बोले- लोगों को स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर विश्वास दिलाये सरकार, अमित जोगी ने क्रिकेट स्टेडियम को 15 हजार सीटर अस्पताल बनाने का दिया सुझाव

आज नगर बंद

प्रशासन ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। इधर गुस्साए नगरवासियों ने आज सुबह से दुकानों को बंद कराना शुरू कर दिया है।

सूत्रों के अनुसार, हादसे में शामिल डिफेंडर कार एक स्थानीय व्यापारी के बेटे की बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।