टीआरपी डेस्क। Ambedkar Hospital : छत्तीसगढ़ सरकार ने आम मरीजों के हित में एक बड़ी पहल की है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने निर्देश दिए हैं कि डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय रायपुर में आने वाले BPL श्रेणी के OPD मरीजों को अब निःशुल्क CT Scan और MRI जांच सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने यह निर्णय आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत OPD मरीजों को जांच में आ रही दिक्कतों को देखते हुए लिया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आगामी सामान्य परिषद की बैठक तक गरीब मरीजों को मुफ्त सुविधा दी जाए, वहीं गैर-BPL मरीजों को शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम दरों पर यह जांच सुविधा उपलब्ध हो।

अंबेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने बताया कि यह निर्णय OPD स्तर पर जांच सुविधाओं को सुलभ और किफायती बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि किसी भी मरीज को जांच में कोई असुविधा न हो।

See also  बीजेपी के लोकसभा उम्मीदवारों की लिस्ट जनवरी में आएगी

Ambedkar Hospital : प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में CT Scan और MRI की अत्याधुनिक मशीनें उपलब्ध हैं, जिनसे प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज जांच करवाते हैं। हाल ही में आयुष्मान पोर्टल में आई तकनीकी समस्या के चलते OPD मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था, जिसे देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने जनहित में यह निर्णय लिया है।