टीआकपी डेस्क। UPSC Topper : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक किसान के बेटे ने बड़ी उपलब्धि हासिल कर इतिहास रच दिया है। 2025 में आयोजित जियोलॉजिस्ट एग्जाम में बालोद जिले के अर्जुंदा टिकरी निवासी धर्मेश कुमार देशमुख पिता पन्नालाल देशमुख ने देशभर में 10वां स्थान हासिल किया है।

इस सफलता से धर्मेश उर्फ चिंटू के माता-पिता बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं। उनकी इस कामयाबी की खबर जैसे ही फैली, अर्जुंदा नगर सहित आसपास के इलाकों में खुशी की लहर दौड़ गई। इसे बालोद जिले ही नहीं बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है, जहां एक किसान का बेटा अपनी मेहनत और लगन से इतना बड़ा मुकाम हासिल कर सका है।

धर्मेश ने बताया कि यह परीक्षा 3 चरणों में हुई थी। फरवरी 2025 में प्रिलिम्स, जून में मेंस और सितंबर में इंटरव्यू हुआ था। उन्होंने कहा कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी तक की पढ़ाई अर्जुंदा के सरकारी स्कूल में हुई है, जबकि स्नातक की शिक्षा दुर्ग के साइंस कॉलेज से प्राप्त की। घर में ढाई एकड़ खेत है और पिता पन्नालाल किसान हैं। धर्मेश वर्तमान में रायपुर के साइंस कॉलेज में अतिथि व्याख्याता के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि बचपन से ही पढ़ाई में गहरी रुचि थी और सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने हमेशा उनका सहयोग किया है।

See also  Terrorists' Wrath : अल-कायदा और ISIS का कहर! आतंकियों ने 5 भारतीयों का किया अपहरण…

घर में लगा बधाईयों का तांता

जैसे ही यह खबर अर्जुंदा नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में फैली कि धर्मेश ने जियोलॉजिस्ट एग्जाम में देशभर में 10वां स्थान हासिल किया है, उनके घर में बधाई देने वालों का तांता लग गया। गांव के लोग, शिक्षक और जनप्रतिनिधि लगातार उनके घर पहुंचकर माता-पिता को बधाई देते रहे।

UPSC Topper : अर्जुंदा नगर और पूरे बालोद जिले में खुशी का माहौल बना हुआ है। धर्मेश की इस सफलता ने न केवल परिवार, बल्कि समूचे जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास ही मंजिल तक पहुंचाती है। इस परीक्षा में टॉपर बनने के बाद अब धर्मेश उच्च सेवा में चयनित होकर देश की सेवा करना चाहते हैं।