रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह एक दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंच चुके हैं। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर वे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। राज्य के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री नए विधानसभा भवन का उद्घाटन करेंगे जो ग्रीन बिल्डिंग अवधारणा पर निर्मित है। साथ ही राज्योत्सव 2025 का शुभारंभ करेंगे।
मिनट टू मिनट कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी सुबह 7:35 बजे दिल्ली से भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से रवाना हुए और सुबह 9:40 बजे रायपुर हवाई अड्डे पर पहुंचे। इसके बाद सड़क मार्ग से नवा रायपुर के लिए रवाना हुए। सुबह 10 बजे सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में दिल की बात कार्यक्रम में शामिल होकर हृदय रोग के सफल ऑपरेशन करा चुके करीब 2500 बच्चों से संवाद करेंगे। इसके बाद ब्रह्माकुमारी भवन शांति शिखर का उद्घाटन करेंगे। नए विधानसभा भवन पहुंचकर भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण और छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन का उद्घाटन करेंगे।
दोपहर में आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का उद्घाटन कर उसका भ्रमण करेंगे। इसके बाद नवा रायपुर में राज्योत्सव समारोह का शुभारंभ करेंगे। शाम 4:20 बजे रायपुर हवाई अड्डे के लिए रवाना होंगे और 4:25 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक दिन
छत्तीसगढ़ के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। वर्ष 2000 में इसी दिन राज्य मध्यप्रदेश से अलग होकर अस्तित्व में आया था। इस वर्ष स्थापना दिवस का उत्साह कई गुना बढ़ा है क्योंकि राज्य अपने 25 वर्ष पूरे कर चुका है। राज्योत्सव मैदान में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा जिसमें बॉलीवुड और स्थानीय कलाकार प्रस्तुति देंगे। पांच दिनों तक उत्सव पूरे जोश के साथ मनाया जाएगा।


