टीआरपी डेस्क। SIR in CG : छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) शुरू हो गया है। इस प्रक्रिया के तहत 2 करोड़ 80 लाख से अधिक मतदाताओं का घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा। राज्य मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने बताया कि यह पूरी प्रक्रिया इस बार पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी होगी। इसके लिए प्रदेशभर में करीब 30 हजार अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
4 नवंबर से 4 दिसंबर तक बूथ स्तर अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी की जांच करेंगे और गणना प्रपत्र फॉर्म भरवाएंगे। इस फॉर्म में मतदाता की व्यक्तिगत जानकारी और पात्रता का सत्यापन किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि सत्यापन के लिए मतदाता को सामान्यतः दस्तावेज दिखाने की जरूरत नहीं होगी। करीब 95 प्रतिशत मतदाताओं का डेटा पहले से सत्यापित है। केवल नए मतदाताओं या जिनकी जानकारी में बदलाव हुआ है, उन्हें ही दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
सत्यापन के लिए स्वीकृत दस्तावेजों में पासपोर्ट, जन्म प्रमाणपत्र, मेट्रिकुलेशन या शैक्षणिक प्रमाणपत्र, स्थायी निवास प्रमाणपत्र, सरकारी विभागों से जारी पहचान पत्र, पेंशन भुगतान आदेश, जाति प्रमाणपत्र, भूमि या मकान आवंटन दस्तावेज, परिवार रजिस्टर और वन अधिकार प्रमाणपत्र शामिल हैं।
आयोग ने बताया कि 9 दिसंबर 2025 को मतदाता सूची का मसौदा प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 9 दिसंबर से 8 जनवरी 2026 तक नागरिक दावे और आपत्तियां दर्ज कर सकेंगे। इन आवेदनों की जांच और सुनवाई 31 जनवरी तक पूरी कर ली जाएगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 7 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी।


