टीआरपी डेस्क। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बड़ा हादसा हो गया। चुनार रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से 6 श्रद्धालु की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु चोपन–प्रयागराज पैसेंजर ट्रेन से प्लेटफॉर्म नंबर चार पर उतरे थे। इसी दौरान उन्होंने जल्दबाजी में रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश की और विपरीत दिशा से आ रही कालका मेल की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि चारों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि सभी श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए जा रहे थे।
घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे रेलवे अधिकारी और पुलिस बल ने राहत कार्य शुरू किया। जीआरपी और आरपीएफ की टीमों ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
यह हादसा सुबह करीब 9:30 बजे हुआ, जब यात्री ट्रेन से उतरने के बाद प्लेटफॉर्म की दिशा में न जाकर सीधे ट्रैक पार करने लगे। उसी समय दूसरी दिशा से आ रही कालका मेल ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए हमेशा प्लेटफॉर्म और फुट ओवरब्रिज का ही उपयोग करें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए और राहत कार्यों में कोई लापरवाही न हो। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।


