टीआरपी डेस्क। GST Payment : छत्तीसगढ़ सरकार ने व्यापारियों के लिए एक बड़ी राहत भरी पहल की है। अब राज्य के करदाता क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और UPI के माध्यम से सीधे GST रिटर्न का भुगतान कर सकेंगे। यह सुविधा अब पूरे राज्य में लागू कर दी गई है।

राज्य GST विभाग और कोष लेखा (ट्रेज़री) विभाग द्वारा संयुक्त रूप से लागू की गई यह व्यवस्था लंबे समय से व्यापारिक संगठनों, चेंबर ऑफ कॉमर्स और व्यापारियों की प्रमुख मांग रही है।

राज्यभर में लागू हुई नई व्यवस्था

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि “राज्य सरकार करदाताओं को अधिकतम सुविधा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। डिजिटल माध्यम से GST भुगतान की यह नई सुविधा करदाताओं के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। इससे भुगतान प्रक्रिया सरल, तेज और पारदर्शी बनेगी, विशेष रूप से छोटे व्यापारियों को इसका बड़ा लाभ मिलेगा।”

अब तक करदाताओं को केवल नेट बैंकिंग और ओटीसी (Over the Counter) भुगतान का विकल्प ही उपलब्ध था, जिससे कई छोटे व्यापारियों को कठिनाई होती थी। कई बार बैंक सर्वर डाउन रहने या पेमेंट फेल होने की समस्या सामने आती थी। नई व्यवस्था से ये समस्याएं काफी हद तक समाप्त हो जाएंगी।

See also  51 फीट की श्रीराम की प्रतिमा ग्वालियर से रवाना, चंद्रखुरी में होगी स्थापित

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि “सरकार का लक्ष्य है कि हर नागरिक और व्यापारी के लिए शासन की प्रक्रियाएं सरल और पारदर्शी हों। डिजिटल भुगतान सुविधा से न केवल करदाताओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था में पारदर्शिता और विश्वास भी बढ़ेगा।”

अब यह सुविधा GST पोर्टल www.gst.gov.in पर उपलब्ध है। करदाता लॉगिन कर अपने क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या UPI ऐप से सीधे टैक्स का भुगतान कर सकते हैं।

GST Payment : यह पहल राज्य में डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने और पारदर्शी कर प्रणाली स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे छत्तीसगढ़ डिजिटल टैक्स प्रशासन और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शुमार होगा।