रायपुर। बिलासपुर कमिश्नर द्वारा पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर की शिकायत पर कोरबा कलेक्टर अजीत बसंत के खिलाफ की गई जांच लगभग पूरी हो गई है। बताया जा रहा है कि कमिश्नर दो-तीन दिनों में जांच रिपोर्ट शासन को सौंप देंगे।
बिलासपुर कमिश्नर सुनील कुमार जैन ने मीडिया को बताया कि पूर्व गृहमंत्री की शिकायत पर रिपोर्ट मांगी गई थी। जांच पूरी हो चुकी है, और रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जल्द रिपोर्ट शासन को सौंप दी जाएगी।
गौरतलब है कि पूर्व गृहमंत्री ने कोरबा कलेक्टर अजीत बसंत पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं, उन्होंने 14 बिन्दुओं पर शिकायत की थी। पूर्व गृहमंत्री ने रायपुर में आकर कोरबा कलेक्टर के खिलाफ शिकायतों की जांच और उन्हें हटाने के लिए दबाव बनाया था, साथी धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। इसके बाद सीएम विष्णु देव साय और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव ने पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर से चर्चा की थी। कंवर ने शिकायतों की जांच कराने के आश्वासन के बाद धरना-प्रदर्शन स्थगित कर दिया था।
सीएम ने कंवर की शिकायतों की जांच का जिम्मा बिलासपुर कमिश्नर को दिया था। बताया गया कि बिलासपुर कमिश्नर ने बिन्दुवार शिकायतों की जांच कराई है।
बताया जा रहा है कि कमिश्नर ने इस पूरे मामले पर कंवर से दस्तावेजी प्रमाण मांगे थे। वहीं कंवर ने आरोपों के संदर्भ में संबंधित दस्तावेज भी दिए हैं। कमिश्नर ने कलेक्टर अजीत बसंत से भी उनके आरोपों पर चर्चा की थी। इसके बाद जांच प्रतिवेदन तैयार किया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही कलेक्टर पर फैसला लिया जाएगा।



