टीआरपी डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के अध्यक्ष और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को Y+ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए तेज प्रताप ने कहा कि उनकी जान को खतरा है और दुश्मन उनकी हत्या तक करवा सकते हैं।

मीडिया से बातचीत में तेज प्रताप यादव ने कहा, “मेरी पार्टी के कई स्थानों पर कार्यक्रम हैं। हमारे पक्ष में जबरदस्त माहौल है। सुरक्षा इसलिए बढ़ाई गई क्योंकि मेरे ऊपर खतरा है। लोग मेरी हत्या भी करवा देंगे। बहुत से दुश्मन हैं।” उन्होंने छोटे भाई तेजस्वी यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका भविष्य उज्ज्वल हो और वे बहुत आगे बढ़ें।

Y+ सुरक्षा में कितने जवान रहेंगे शामिल

केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर सीआरपीएफ की 11 सदस्यीय कमांडो टीम तैनात की गई है।

  • 5 कमांडो स्थैतिक ड्यूटी पर घर और आसपास तैनात रहेंगे।
  • 6 कमांडो तीन शिफ्ट में पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर के रूप में साथ रहेंगे।
  • हर आवाजाही पर प्रशिक्षित जवान मौजूद रहेंगे और काफिले में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था होगी।
See also  Chhattisgarh Weather: छत्तीसगढ़ के 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें किन इलाकों में असर

हाल ही में जनशक्ति जनता दल की स्थापना करने वाले तेज प्रताप महुआ विधानसभा से चुनाव लड़ रहे हैं। उनकी पार्टी ने 40 से अधिक सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। पिछले कुछ सप्ताह से वे राज्यभर में सक्रिय चुनाव प्रचार कर रहे हैं।

सुरक्षा बढ़ोतरी के फैसले से पटना के राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कदम पूरी तरह खुफिया इनपुट और मानक प्रोटोकॉल पर आधारित है।