टीआरपी डेस्क। Finance Fraud : ईसाफ स्माल फाइनेंस बैंक के सैकड़ों ग्राहकों के साथ 10 संग्रह कर्मचारियों ने लगभग ₹85 लाख की ठगी की है। ग्राहकों से रकम एकत्रित कर इन कर्मचारियों ने उसे निजी कार्यों के लिए खर्च किया। प्रबंधक की शिकायत पर पुलगांव पुलिस ने आरोपियों पर अपराध दर्ज कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आवेदक मोहित देशमुख क्षेत्रीय प्रबंधक, ईसाफ स्माल फायनेंस बैंक शाखा दुर्ग व्दारा पुलगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि हिरन बाई साहू, ग्राम चन्द्रखुरी सहित अन्य 239 ग्राहकों से ईसाफ बैंक के लोन के रूप में लगभग ₹85 लाख की धनराशि ली गई थी, पर वो रकम ईसाफ बैंक में जमा नहीं की गई। ऋण लेने वाले ग्राहकों से संपर्क साधा गया तो उन्होंने बताया कि वे रकम जमा कर चुके हैं। बैंक के रकम को संग्रह कर्मचारियों ने स्वयं के निजी उपयोग में ले लिया है। आरोपियों व्दारा दिनांक 24.05.2024 से 24.06. 2025 के मध्य कुल ₹84 लाख 98 हजार 940 खर्च कर गबन कर लिया गया है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलगांव थाने में धारा 420, 409, 120 (बी) के तहत मामाला दर्ज कर जांच की जा रही है।
मामले की विवेचना के दौरान पाया गया कि आरोपी बैंक में संग्रह कर्मचारी के रूप में काम करते थे। बैंक व्दारा 240 ग्राहकों को दी गई लोन की राशि टीका राम पाटले , आकाश नायक, अंकिता पाशवान, आर्य गोस्वामी, रेशमा वर्मा, ओमप्रकाश कोसरे समेत अन्य 4 लोगों ने लगभग ₹85 लाख ग्राहकों से एकत्रित कर बैंक में जमा नहीं किया।
पुलिस ने बताया कि मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी भी जल्द से जल्द की जाएगी। प्रकरण की विवेचना में और भी तथ्यों के सामने आने की संभावना है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- टीकाराम पाटले (35 वर्ष), लोरमी, मुंगेली
- आकाश नायक (30 वर्ष), बसना, महासमुंद
- ओम प्रकाश कोसरे (21 वर्ष) बजरंग नगर, उरला, दुर्ग
- आर्या गोस्वामी (25 वर्ष) साकिन, बालोद
- रेशमा वर्मा (25 वर्ष) आदित्य नगर, दुर्ग
- अंकिता पासवन (22 वर्ष) कोसा नगर, सुपेला, भिलाई



