रायपुर। राजधानी रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, इलाके में सड़क किनारे लंबे समय से खुले पड़े एक गड्ढे में दो बच्चें गिर गए। इस हादसे में दोनों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यहां लंबे समय से कंस्ट्रक्शन काम चल रहा था। कंस्ट्रक्शन के लिए किए गए गड्ढे में बारिश के दौरान पानी भर गया था। सोमवार सुबह कुछ बच्चे वहीं खेल रहे थे, तभी दो बच्चे अचानक फिसलर पानी से भरे गड्ढे में गिर गए। कुछ ही पलों में दोनों की डूबने से मौत हो गई।

स्थानीय लोगों ने जैसे ही यह घटना देखी, मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने बच्चों को बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी गहरा होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों बच्चों के शवों को बाहर निकाला गया। कबीर नगर थाना प्रभारी सुनील दास ने बताया कि बच्चों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

See also  छत्तीसगढ़ के इस क्वारेंटाइन सेंटर में एक श्रमिक की मौत, कब सुधरेंगे हालात?

हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति गुस्सा फूट पड़ा। उनका कहना है कि इस गड्ढे की शिकायत कई बार की गई थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना के विरोध में गुस्साए लोगों ने रिंग रोड नंबर-1 पर टायर जलाकर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जुट गई और यातायात ठप हो गया। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत करने और सड़क खुलवाने में जुटे रहे।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।