रायपुर। उत्तर से आ रही शुष्क और ठंडी हवाओं ने छत्तीसगढ़ का मौसम पूरी तरह बदल दिया है। सुबह और रात में कनकनी बढ़ गई है तथा लोगों ने स्वेटर जैकेट निकाल लिए हैं। कई स्थानों पर अलाव जलाकर गर्माहट ली जा रही है। मौसम विभाग ने आज पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जारी किया है।
पिछले 24 घंटे में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर तथा बलरामपुर जिलों में सोमवार को एक-दो स्थानों पर शीतलहर चलने की चेतावनी दी है।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि उत्तर से ठंडी हवाओं का प्रवाह जारी है जिससे न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज होगी। सरगुजा संभाग में शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा।
रायपुर में आज का मौसम
राजधानी रायपुर में आसमान साफ रहेगा। न्यूनतम तापमान 15 डिग्री तथा अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। रात में ठंड का एहसास और बढ़ेगा।


