टीआरपी। On the NDA’s record victory in Bihar : बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन की रिकार्ड जीत पर भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के नेताओं ने कहा है कि यह सुशासन , विकास और सौहार्द्रता पर जनता ने मुहर लगाई है।
डबल इंजन की सरकार पर मतदाताओं का विश्वास
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि बिहार के नतीजे डबल इंजन की सरकार के पिछले 20 वर्षों के कार्यकाल में विकास और सुशासन की व्यवस्था और भयमुक्त वातावरण की जीत है। डबल इंजन की सरकार पर मतदाताओं ने विश्वास व्यक्त किया है, बिहार के कैबिनेट मंत्री और छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा प्रभारी नितिन नबीन की शानदार जीत के लिए बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बिहार की चुनावी कमान सम्हालने वाले छत्तीसगढ़ के सभी पदाधिकारियों, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों ने इस चुनाव में जिस पुरुषार्थ का परिचय दिया, उसका भी सुपरिणाम राजग की पराक्रमी विजय के रूप में सामने आया है।
छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बिहार की जनता ने उचित समय में उचित निर्णय लिया है। बिहार की जनता ने एक बार फिर विकास का साथ दिया है और सुशासन के साथ खड़े होने का फैसला लिया है।
बिहार का भविष्य उज्जवल
भाजपा मुख्य प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पांडे ने कहा कि बिहार की जीत आम जनता का एनडीए को आशीर्वाद है। एक तरफ जंगलराज, लूटपाट, सब प्रकार से असुरक्षा की भावना, माता एवं बहनों के साथ जो अत्याचार किए गए, यह जनादेश उस राजनीतिक दुष्प्रवृत्ति को माकूल जवाब है, सदाचार की शुरुआत है। बिहार का भविष्य उज्जवल है। यह आम जनता का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विश्वास का प्रमाण है।
नतीजे से मोदी मैजिक की प्रामाणिकता सिद्ध हुई
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि ये नतीजे बिहार में मोदी मैजिक की प्रामाणिकता सिद्ध कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर संगठनात्मक स्तर पर कार्यकर्ताओं के अनथक परिश्रम और मेरा बूथ-सबसे मजबूत की रणनीति की सफलता है।
बिहार की जनता की आकांक्षाओं की जीत
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों और नीतियों के साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की संगठनात्मक रणनीति पर जनता-जनार्दन की मुहर है। यह जीत बिहार की जनता की आकांक्षाओं की जीत है।
जनता ने विकास का साथ दिया
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि यह एनडीए की जीत नहीं, आंधी और सुनामी भी है। एनडीए विकसित भारत की नींव डाल रहा है। जनता समझ रही हैं भाजपा और सहयोगियों की सरकार बेहतर हैं। कांग्रेस डूबती नाव हैं, महागठबंधन को जनता ने महाठगबंधन करार दिया है। जनता के बीच ये लोग नकारात्मक एजेंडा लेकर जाते हैं, अनर्गल आरोप लगाते हैं, जिसका जवाब जनता ने दिया है।


