टीआरपी डेस्क। बिहार में नई सरकार के गठन का काउंटडाउन शुरू हो गया है। 18वीं विधानसभा से संबंधित अधिसूचना आज जारी की जाएगी, जिसके साथ विधानसभा चुनाव को लेकर लागू आदर्श आचार संहिता भी समाप्त हो जाएगी। सोमवार से नई सरकार गठन की दिशा में सभी प्रक्रियाएं औपचारिक रूप से तेज होने वाली हैं।

चुनाव आयोग आज राज्यपाल को 18वीं विधानसभा के परिणामों की औपचारिक जानकारी देगा। उधर, पटना के गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां तेज गति से चल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इसमें शामिल होने की संभावना है, जिसके आधार पर 19 या 20 नवंबर की तारीख लगभग तय मानी जा रही है।

नीतीश कुमार सोमवार को अपने कैबिनेट की बैठक करेंगे। इस बैठक में 17वीं विधानसभा को भंग करने का प्रस्ताव पारित किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यपाल से मिलकर अपना इस्तीफा सौंपेंगे। उनके इस्तीफे के साथ ही नई सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त होगा।

See also  कोरोना से भाजपा नेत्री व मगरलोड की पूर्व सभापति संतोषी साहू की मौत

नीतीश कुमार के पद छोड़ने के बाद एनडीए के सभी घटक दलों की विधानमंडल दल की बैठकें आयोजित होंगी। इन बैठकों में एनडीए का नेता चुना जाएगा। नेता चुने जाने के बाद एनडीए राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश करेगा।

शपथ ग्रहण के लिए पटना का गांधी मैदान तैयारियों के केंद्र में है। मंच निर्माण से लेकर सुरक्षा इंतजाम, वीआईपी सीटिंग व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए सभी एजेंसियां सक्रिय हैं। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कई भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और अन्य विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे। बढ़ती वीआईपी उपस्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया जा रहा है। प्रधानमंत्री के अंतिम कार्यक्रम की पुष्टि के बाद शपथ ग्रहण 19 या 20 नवंबर को होने की सबसे अधिक संभावना है।