टीआरपी डेस्क। दिल्ली में हुए लाल किला ब्लास्ट के बाद पाकिस्तान की तरफ से लगातार भड़काऊ बयान सामने आ रहे हैं। अब पाकिस्तान नेता चौधरी अनवारुल हक का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह खुले तौर पर भारत पर हुए आतंकी हमलों की जिम्मेदारी का दावा करते दिखाई दे रहे हैं।
हक ने अपने भाषण में 10 नवंबर को लाल किले के पास हुए विस्फोट का जिक्र करते हुए कहा कि उनके देश में मौजूद आतंकी पहले भी दिल्ली से लेकर कश्मीर तक हमले कर चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि अगर बलूचिस्तान में खून बहाया जाएगा, तो पाकिस्तान समर्थित समूह भारत में घुसकर जवाब देंगे। हक के अनुसार, इस हमले के बाद भारत अभी तक “लाशों की गिनती” में लगा है। उनका यह बयान न सिर्फ चौंकाने वाला है, बल्कि भारत पर हुए आतंकी हमलों के लिए पाकिस्तान की जमीन के इस्तेमाल की सच्चाई को उजागर भी करता है।
पूर्व प्रधानमंत्री ने अपनी टिप्पणी में कश्मीर के जंगलों का भी हवाला दिया, जो इस साल अप्रैल में पहलगाम के पास हुए आतंकी हमले की ओर इशारा माना जा रहा है। अपनी पूरी स्पीच में उन्होंने आतंकियों को ‘शाहीन’ कहकर संबोधित किया, मानो वह किसी वीरता का उदाहरण पेश कर रहे हों।
दिल्ली पुलिस और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के अनुसार लाल किले के पास हुआ धमाका एक सुसाइड अटैक था, जिसकी साजिश जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े नेटवर्क द्वारा रची गई थी। इस मॉड्यूल को फरीदाबाद से ऑपरेट किया जा रहा था और हमलावर की पहचान डॉक्टर उमर नबी के रूप में हुई है। जांच एजेंसियां इस हमले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं।
यह पहला मौका नहीं है जब पाकिस्तान के भीतर से ऐसे कबूलनामे सामने आए हैं। हाल ही में खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने भी पाकिस्तान सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे। अफरीदी के अनुसार, सरकार अपने राजनीतिक फायदे के लिए ‘नकली’ आतंकी हमले कराती है और सीमावर्ती इलाकों में शांति बहाल होने की कोशिशों में खुद बाधा डालती है। उनके मुताबिक, आतंकवाद को पाकिस्तान की सत्ता में बैठे लोग ही बढ़ावा देते रहे हैं।


