ED Chargesheet: प्रवर्तन निदेशालय ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के पति और जाने माने कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। यह मामला यूके के डिफेंस डीलर संजय भंडारी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है। मिली जानकारी के अनुसार चार्जशीट दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में फाइल की गई है। जो कि प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत दर्ज की गई है।
बता दें कि ईडी ने वाड्रा से अप्रैल में तीन दिन तक लगातार पूछताछ की थी। ये पूछताछ हरियाणा में 2008 की एक जमीन डील में कथित गड़बड़ियों से जुड़े एक अन्य मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई थी। रॉबर्ट वाड्रा ईडी की जांच के तहत कुल तीन मनी लॉन्ड्रिंग मामलों में फंसे हुए हैं।
बता दें कि संजय भंडारी एक हथियार डीलर हैं जो 2016 में दिल्ली में इनकम टैक्स विभाग की छापेमारी के बाद लंदन भाग गया था। हाल ही में एक ब्रिटिश अदालत ने भारत सरकार की उस अर्जी को खारिज कर दिया जिसमें भंडारी के प्रत्यर्पण से जुड़े मामले को ब्रिटेन की सुप्रीम कोर्ट में ले जाने की अनुमति मांगी गई थी। इसके बाद भंडारी को भारत लाने की संभावना लगभग खत्म हो गई है।
ईडी ने 2023 में इस मामले में चार्जशीट दाखिल की थी। इसमें आरोप लगाया गया है कि भंडारी ने 2009 में लंदन में एक मकान खरीदा और उसे रॉबर्ट वाड्रा के निर्देशानुसार ही रिनोवेट कराया गया है। इतना ही नहीं चार्डशीट में दावा किया गया है कि रिनोवेशन के लिए पैसा वाड्रा ने ही दिया था। वही रॉबर्ट वाड्रा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि उन्हें राजनीतिक मकसद के तहत परेशान किया जा रहा है। उनकी लंदन में कोई भी प्रॉपर्टी नहीं है।


