टीआरपी डेस्क। Illegal Coal Trade : प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अवैध कोयला खनन, परिवहन और उससे जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग की कड़ी जांच के तहत झारखंड और पश्चिम बंगाल में 40 से अधिक ठिकानों पर एक साथ बड़ी कार्रवाई की है। यह ऑपरेशन दोनों राज्यों में सक्रिय कोयला माफियाओं और उनके नेटवर्क पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

धनबाद में तड़के शुरू हुई बड़ी कार्रवाई

सबसे अहम कार्रवाई झारखंड के धनबाद में देखने को मिली, जहां ED की टीमों ने सुबह-सुबह कोयला कारोबारी एल.बी. सिंह के आवास सहित 18 ठिकानों पर दबिश दी। ये छापेमारियां अवैध कोयला चोरी और उसके परिवहन से जुड़े उन मामलों से जुड़ी हैं, जिनसे सरकार को करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है।

जिन मामलों की जांच की जा रही है उनमें अनिल गोयल, संजय इंडस्ट्रीज, एल.बी. सिंह और अमर मंडल का नाम प्रमुख है। ये सभी कथित तौर पर बड़े कोयला चोरी और स्मगलिंग रैकेट से जुड़े बताए जा रहे हैं।

See also  रायगढ़ में मैकेनिकल इंजिनियर ने पत्नी और मां को गांव भेजकर भाई के साथ लगाई फांसी

धनबाद में छापेमारी के दौरान ड्रामा

धनबाद में ED की कार्रवाई के दौरान एक बेहद अनोखा और नाटकीय दृश्य देखने को मिला। एल.बी. सिंह ने ED अधिकारियों को घर में प्रवेश से रोकने के लिए अपने पालतू कुत्तों को छोड़ दिया, जो पूरे परिसर में घूमकर ED टीम को अंदर जाने से रोकते नजर आए।

इस बीच, एल.बी. सिंह घर के अंदर ही बंद हैं और बाहर नहीं निकले। ED अधिकारी सुरक्षा प्रोटोकॉल और कानूनी प्रक्रिया के तहत घर में प्रवेश का रास्ता बनाने की कोशिश करते दिखे। यह घटना ED की कार्रवाई में बाधा डालने के स्पष्ट प्रयास के रूप में देखी जा रही है।

पश्चिम बंगाल में भी ED की बड़ी कार्रवाई

झारखंड के साथ-साथ ED ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता, दुर्गापुर, पुरुलिया और हावड़ा में 24 ठिकानों पर छापेमारी की। यह तलाशी अवैध कोयला खनन, कोयले के अवैध परिवहन और गैरकानूनी स्टोरेज से जुड़े मामलों से संबंधित है।

See also  CG News: मेडिकल,डेंटल कॉलेजों में पहले चरण की काउंसलिंग 9 तक, मेरिट लिस्ट जारी

इन तलाशी स्थलों का संबंध जिन लोगों से बताया जा रहा है, उनमें नरेंद्र खरका, अनिल गोयल, युधिष्ठिर घोष, कृष्ण मुरारी कयाल और कई अन्य कारोबारी एवं एजेंट शामिल हैं।

कोयला माफिया नेटवर्क पर ‘ऑपरेशन क्लीन-अप’

Illegal Coal Trade : झारखंड और पश्चिम बंगाल में ED का यह ‘ऑपरेशन क्लीन-अप’ कोयला माफिया नेटवर्क को तोड़ने के उद्देश्य से चलाया जा रहा विशेष अभियान है। बड़ी मात्रा में दस्तावेज, डिजिटल डाटा और लेन-देन के सबूत मिलने की संभावना जताई जा रही है। अभी कार्रवाई जारी है और अगले कुछ घंटों में इस ऑपरेशन से जुड़े और भी खुलासे होने की संभावना है।