0 तत्कालीन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार साय से जुड़ा है मामला

अंबिकापुर। प्रीति श्रीवास्तव हत्याकांड से संबंधित दिसंबर 1998 में प्रकाशित एक रिपोर्ट पर लगभग 26 वर्ष बाद अदालत ने एक समाचार पत्र के मालिकों और तत्कालीन संपादक पर जुर्माना लगाया है। इस मामले में मध्यप्रदेश के तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार साय को राहत मिली है।

अदालत ने अपने फैसले में कहा कि दैनिक अखबार में प्रकाशित खबर में नंदकुमार साय के बयान को तोड़–मरोड़ कर प्रस्तुत किया गया और ऐसी बातें जोड़ी गईं, जिनका उन्होंने उल्लेख नहीं किया था। अदालत के अनुसार, इस रिपोर्ट से सरगुजा राजपरिवार की प्रतिष्ठा पर प्रभाव पड़ा, इसलिए यह समाचार मानहानि की श्रेणी में आता है।

प्रथम व्यवहार न्यायाधीश पल्लव रघुवंशी ने अपने निर्णय में अखबार समूह के मालिकों तथा तत्कालीन संपादक, प्रकाशक और मुद्रक को दोषी ठहराते हुए एक रुपये अर्थदंड का आदेश दिया।

क्या था मामला ?

3 दिसंबर 1998 को अंबिकापुर के गर्ल्स कॉलेज परिसर में छात्रा प्रीति श्रीवास्तव की जीप चढ़ाकर हत्या की घटना दर्ज की गई थी। 8 दिसंबर को संगम चौक अंबिकापुर में आयोजित सभा में नंदकुमार साय ने कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर प्रश्न उठाए थे।

See also  मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना में अब मिलेगी 25 लाख रुपए तक की सहायता

अगले दिन प्रकाशित समाचार में आरोप लगाया गया था कि हत्या के आरोपी सरगुजा राजपरिवार से जुड़े हैं और पैलेस के प्रभाव से जांच प्रभावित हो रही है। रिपोर्ट में यह भी जोड़ा गया कि गहन जांच होने पर अन्य प्रकरण भी सामने आ सकते हैं तथा उस समय की सरकार में सामंती प्रवृत्तियों के सक्रिय होने का उल्लेख किया गया था।

इन्हीं कथनों के आधार पर सरगुजा राजपरिवार की ओर से मानहानि का दावा दायर किया गया।

सुनवाई के दौरान नंदकुमार साय ने कहा कि उन्होंने सरगुजा राजपरिवार या महाराज एम.एस. सिंहदेव के विरुद्ध कोई टिप्पणी नहीं की थी और समाचार पत्र ने उनके भाषण को बढ़ाकर प्रस्तुत किया। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उन्होंने ऐसा बयान दिया होता तो अन्य समाचार माध्यमों में भी इसका उल्लेख होता, जबकि ऐसा नहीं हुआ। साय के अनुसार इससे स्पष्ट है कि रिपोर्ट में तथ्य बदले गए थे।

अदालत ने निर्णय में कहा कि समाचार पत्र ने भाजपा अध्यक्ष के कथनों को बढ़ाया-घटाया और टिप्पणी में ऐसे तत्व शामिल किए जिनके समर्थन में कोई प्रमाण नहीं है। अदालत के अनुसार, इस प्रकाशन से सरगुजा राजपरिवार की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा, जो मानहानि की स्थिति बनाता है।

See also  Room Under Construction For Ministers In Vidhansabha- महंत ने दिए बजट सत्र से पहले निर्माण के निर्देश