Weather Update: उत्तर भारत में ठंड बढ़ रही है, लेकिन दक्षिण के राज्यों में हालात अलग हैं। मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिणी अंडमान सागर और मलक्का स्ट्रेट के पास लो प्रेशर एरिया बन रहा है। यह तेजी से डिप्रेशन में बदल रहा है और 24 नवंबर तक बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ने की संभावना है।
IMD का अनुमान है कि पश्चिम की ओर बढ़ते हुए यह सिस्टम और मजबूत हो सकता है। इसी वजह से बंगाल की खाड़ी में चक्रवात की स्थिति बन सकती है और कई राज्यों में भारी बारिश देखने को मिल सकती है।
बंगाल की खाड़ी में उठता तूफान
मौसम विभाग ने एक्स पर बताया कि 22 नवंबर को लो प्रेशर एरिया बनना शुरू हो चुका है। 24 नवंबर तक यह और तेज होकर मजबूत सिस्टम बन सकता है।
इन राज्यों में असर?
22 से 25 नवंबर के बीच तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और अंडमान-निकोबार के तटीय इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। आज और कल इन जगहों पर बारिश के साथ तेज हवा और बिजली गिरने का खतरा भी रहेगा।
कब-कहां होगी बारिश?
- अंडमान और निकोबार- 27 नवंबर तक बारिश जारी रहेगी। 24 और 25 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं।
- तमिलनाडु- 25 नवंबर तक कई जगहों पर तेज बारिश हो सकती है।
- केरल और माहे- 26 नवंबर तक भारी बारिश का अलर्ट जारी।
- लक्षद्वीप और रायलसीमा क्षेत्र- 23 नवंबर के आसपास तेज बारिश की उम्मीद।
केरल, माहे और लक्षद्वीप में 26 नवंबर तक तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हो सकती है। अंडमान-निकोबार में हवा की रफ्तार 40–50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। चक्रवाती सिस्टम को देखते हुए सभी राज्यों में अलर्ट जारी है। मछुआरों और पर्यटकों को समुद्र के करीब न जाने की सलाह दी गई है।



