टीआरपी। Hidma : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा है कि नक्सली हिड़मा को शहीद बताकर और लाल सलाम कहकर श्रद्धाजंलि देना कांग्रेस का शर्मनाक कृत्य है। अब सार्वजनिक तौर पर यह स्पष्ट होना चाहिए कि नक्सलियों को लेकर कांग्रेस की नीति क्या है?’
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ठाकुर ने कहा है कि जिस दुर्दान्त नक्सली हिड़मा पर लगभग 435 हत्याओं का आरोप था, जिस हिड़मा ने बस्तर की झीरम घाटी में दिग्गज कांग्रेस नेताओं की एक पूरी पीढ़ी को खत्म कर दिया। उसी हिड़मा की मौत को यूथ कांग्रेस की संयुक्त सचिव प्रीति माँझी शहादत बताए, पूर्व मुख्यमंत्री दिगविजय सिंह उस हिड़मा को लाल सलाम कहकर श्रद्धांजलि दें तो इससे अधिक शर्मनाक बात कुछ नहीं हो सकती।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ठाकुर ने शुक्रवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि हिड़मा के मारे जाने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को उसका आधार कार्ड बताने की मांग करते हुए जरा भी शर्म महसूस नहीं हुई। कांग्रेस नेताओं के इस आचरण से शहीद कांग्रेस नेताओं, सुरक्षा बल के जवानों, निर्दाेष आदिवासियों समेत हर वर्ग के लोगों के परिजनों की पीड़ा बढ़ी है।
नक्सलवाद के खात्मे की ओर बढ़ रही भाजपा सरकार
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ठाकुर ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नक्सलवाद के खात्मे का जो संकल्प व्यक्त किया था, प्रदेश की भाजपा सरकार उस संकल्प की सिद्धि की ओर बढ़ रही है। पिछले 22 महीनों में सैकड़ों हार्डकोर इनामी नक्सली मारे गए, गिरफ्तार किए गए और बड़ी संख्या में नक्सलियों ने आत्म समर्पण किया है। यह आत्मसपर्पण प्रदेश सरकार की नक्सली पुनर्वास योजना व अन्त्योदय विकास के प्रति नक्सलियों के विश्वास का प्रमाण है। पत्रकार वार्ता में अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण सिंह ठाकुर व प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल उपस्थित रहीं।


