टीआरपी डेस्क। तमिलनाडु के तेनकासी जिले में सोमवार सुबह इडाइक्कल गुफाओं के पास दो निजी बसों की आमने-सामने टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वालों में पांच महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। 32 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तेनकासी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बस का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सड़क पर कांच के टुकड़े, लोहे के पुर्जे और यात्रियों का सामान बिखरा पड़ा था। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया, हालांकि भीड़ और मलबे के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। मलबा हटाने के लिए JCB मशीन की मदद ली गई।
पुलिस के अनुसार एक बस मदुरै से तेनकासी आ रही थी, जबकि दूसरी बस कदैयानल्लूर की ओर जा रही थी। दुर्घटना के कारणों की जांच मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर की टीम कर रही है।
इसी महीने की शुरुआत में तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में भी ऐसा ही बड़ा हादसा हुआ था। 4 नवंबर को अमनगल मंडल के पास तेज रफ्तार टिपर ट्रक ने TGSRTC की बस को जोरदार टक्कर मार दी थी, जिसमें 20 लोगों की मौत हो गई थी और कई घायल हुए थे।
तेनाकासी और रंगारेड्डी जैसे हादसे यह दर्शाते हैं कि दक्षिण भारत के हाईवे पर ओवरस्पीडिंग और लापरवाही से अब भी लगातार जानें जा रही हैं।



