रायपुर. छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक मौसम में किसी खास बदलाव की संभावना नहीं है, हालांकि इसके बाद तापमान में गिरावट दर्ज होने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक कम हो सकता है। पिछले तीन से चार दिनों में राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 1 से 2 डिग्री बढ़ा है।

तापमान में अचानक उतार-चढ़ाव से हाइपोथर्मिया, सर्दी-जुकाम और वायरल फीवर का खतरा बढ़ सकता है। चिकित्सकों ने लोगों को दो लेयर में गर्म कपड़े पहनने और खास सावधानी बरतने की सलाह दी है। मैदानी क्षेत्रों में दुर्ग सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान तीन दिनों में 10 डिग्री से बढ़कर 14.8 डिग्री तक पहुंच गया। रायपुर में भी तापमान 13 डिग्री से बढ़कर लगभग 17 डिग्री तक आ गया है।

पिछले 24 घंटों में दंतेवाड़ा में अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री अंबिकापुर में रहा। पांच दिन पहले अंबिकापुर में तापमान 6 डिग्री तक गिर गया था, जो पिछले दस वर्षों में नवंबर महीने का सबसे कम स्तर था।

See also  इस जिले में पढ़े-लिखे शिक्षक हो गए ठगी का शिकार..! फ्रॉड कंपनी ने लोन दिलाया और हड़प ली आधी रकम, 81 लाख रूपये का लगाया चूना

रायगढ़ में बढ़ती सर्दी से राहत देने के लिए नगर निगम ने नौ स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की है। इनमें मेडिकल कॉलेज परिसर, चक्रधर नगर ऑटो पार्किंग, रामनिवास टॉकीज चौक, रेलवे स्टेशन, अशर्फी देवी अस्पताल, जिला अस्पताल, केवड़ा बाड़ी बस स्टैंड, मिनी माता चौक और शनि मंदिर के पास लकड़ी उपलब्ध कराई गई है। इन स्थानों पर रात के समय लोगों की आवाजाही अधिक रहती है, इसलिए विशेष व्यवस्था की गई है।

ग्रामीण और जंगल क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप शहर से अधिक महसूस किया जा रहा है। लैलूंगा, कापू, छाल और धरमजयगढ़ में शाम ढलते ही लोग घरों में दुबकने लगे हैं और अलाव व गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं।