टीआरपी डेस्क। दिल्ली की हवा इन दिनों सांस लेना मुश्किल कर रही है। मंगलवार सुबह शहर जहरीली धुंध की परत में लिपटा मिला और सीपीसीबी ने औसत AQI 363 दर्ज किया। तीसरे चरण की पाबंदियां लागू होने के बाद भी हालात अभी बेहद खराब श्रेणी में हैं।
इसका असर कोर्टरूम तक पहुंच गया। बार एंड बेंच के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान जब वरिष्ठ वकील गोपाल शंकरनारायणन खांस पड़े और आवाज बैठ गई, तो उन्होंने माफी मांगी। नए CJI सूर्यकांत ने तुरंत कहा, अभी दिल्ली की हालत ही ऐसी है। माहौल कितना दमघोंटू है, यह एक लाइन में साफ हो गया।
उधर, प्रदूषण के खिलाफ लोगों का गुस्सा लगातार इंडिया गेट पर फूट रहा है। रविवार को प्रदर्शन कर रहे समूह को पुलिस ने हटाया। इससे पहले 9 नवंबर को भी लोग यहीं जमा होकर सरकार से हवा साफ करने के ठोस कदम मांग चुके हैं।
इंडिया गेट पर हुए एक दूसरे प्रदर्शन में सड़क जाम और पुलिसकर्मियों पर मिर्च स्प्रे चलाने के आरोप में 22 लोगों की गिरफ्तारी हुई। दिल्ली पुलिस ने दो थानों में एफआईआर दर्ज की है और मामले की जांच आगे बढ़ा दी है।



