टीआरपी डेस्क। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को लेकर अफगानिस्तान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सनसनीखेज दावा किया है। अफगानिस्तान डिफेंस ने पोस्ट में लिखा कि इमरान खान की रावलपिंडी की अदियाला जेल में रहस्यमयी तरीके से हत्या कर दी गई है। यह दावा ऐसे समय में सामने आया है, जब उनके परिवार को लगातार कई दिनों से मुलाकात की अनुमति नहीं मिल रही है और जेल प्रशासन पर आरोप लग रहे हैं।
अफगानिस्तान डिफेंस नामक एक एक्स अकाउंट ने दावा किया कि पाकिस्तान सरकार और सुरक्षा एजेंसियों ने 17 दिन पहले ही इमरान खान की हत्या कर दी। पोस्ट के अनुसार, सेना से जुड़े सूत्रों ने पहचान न उजागर करने की शर्त पर यह जानकारी साझा की है। दावा यह भी है कि घटना के बाद मामले को दबाने के प्रयास किए गए और बाहरी दुनिया को इसकी जानकारी नहीं होने दी गई।
दूसरी ओर, इमरान खान की बहनें नूरीन खान, अलीमा खान और उज्मा खान उनसे मिलने अदियाला जेल पहुंचीं, लेकिन अधिकारियों ने मुलाकात की अनुमति नहीं दी। इसके विरोध में पीटीआई समर्थक जेल के बाहर प्रदर्शन करने लगे। परिवार और समर्थकों का आरोप है कि पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग किया और कई लोगों को हिरासत में लिया गया। इमरान खान के परिवार का कहना है कि पिछले 23 दिनों से उन्हें मुलाकात का मौका नहीं मिला है। इसी वजह से जेल प्रशासन की मंशा को लेकर संदेह गहराता जा रहा है। मुलाकात न मिलने से यह सवाल उठ रहा है कि क्या जेल के भीतर हालात सामान्य नहीं हैं।
पाकिस्तान का रिएक्शन
पाकिस्तान सरकार ने अफगान प्लेटफॉर्म के दावों को तुरंत खारिज करते हुए इन्हें पूरी तरह फर्जी बताया है। सरकार का कहना है कि इमरान खान सुरक्षित हैं और जेल में ही मौजूद हैं। प्रशासन का कहना है कि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही मौत की अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है।



