टीआरपी। Nagar nigam : राजधानी इंडोर स्टेडियम परिसर का सभापति ने औचक निरीक्षण किया। स्टेडियम परिसर में सफाई नहीं होने पर नाराजगी जताई और निर्देश दिया कि यदि सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं होती तो ठेकेदार को काली सूची में रखा जाए।
नगर निगम रायपुर के सभापति सूर्यकांत राठौड़ शनिवार को स्व.बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम पहुंचे और भारी गन्दगी देखकर नाराजगी जताई। जोन 4 के कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह को तत्काल स्टेडियम बुलवाया और सफाई अभियान चलाकर कचरा, गन्दगी हटवाकर स्वच्छता कायम करने निर्देश दिए। यह भी कहा कि संबंधित ठेकेदार का ठेका तत्काल नियमानुसार कार्रवाई कर निरस्त किया जाए और काली सूची में डालें।
सीवरेज चैंबरों का ढक्कन देखकर हुए नाराज
सभापति राठौड़ ने निरीक्षण के दौरान देखा कि इंडोर स्टेडियम परिसर में सीवरेज लाईन के चैंबर खुले पड़े थे। ढक्कन टूटे हुए थे। यह देखकर सभापति नाराज हुए और ढक्कनों को तुरंत सुधरवाकर लगाने कहा।



