टीआरपी डेस्क। Parliamentary Winter Session : संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी अपने पालतू कुत्ते के साथ गाड़ी में संसद भवन पहुंचीं। यह दृश्य सामने आते ही मामला राजनीतिक विवाद में बदल गया और BJP ने उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

रेणुका चौधरी ने दिया जवाब

जब रेणुका से इस पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने तीखा पलटवार किया। रेणुका चौधरी ने कहा, “इसमें क्या तकलीफ है? गूंगा जानवर अंदर आ गया तो क्या तकलीफ है, इतना छोटा सा तो है। यह काटने वाला नहीं है, काटने वाले तो और हैं, पार्लियामेंट के अंदर।” उनके इस बयान ने विवाद को और भड़का दिया।

BJP नाराज, कार्रवाई की मांग

BJP सांसद जगदंबिका पाल ने इस घटना को संसद की गरिमा के खिलाफ बताया और कहा, यह सदन देश की नीतियों पर चर्चा करने की जगह है, अपने डॉग को लेकर आए और फिर जिस तरह का बयान दिया, यह देश को शर्मसार करने वाला मामला है। यह लोकतंत्र पर कुठाराघात है। उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। BJP का कहना है कि सांसदों को मिलने वाले विशेषाधिकार का दुरुपयोग नहीं होना चाहिए।

See also  घर-घर जाकर मतदान दल ने बुजुर्गों, दिव्यांगजनों से कराई होम वोटिंग

सरकार पर भी बरसीं रेणुका चौधरी

विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए रेणुका चौधरी ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने पूछा, “आप क्यों बौखला रहे हैं कि हाउस में हम कौन-सा मुद्दा उठाएंगे? इसीलिए एक महीने का सेशन काटकर 15 दिन कर दिया? क्यों, मुद्दे कम थे क्या?”

सियासी पारा चढ़ा

Parliamentary Winter Session : पालतू कुत्ते के चलते शुरू हुआ विवाद अब संसद की मर्यादा, विशेषाधिकार और विपक्ष-सरकार के टकराव का बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गया है। शीतकालीन सत्र के पहले दिन ही इस विवाद ने सियासी तापमान बढ़ा दिया है।