टीआरपी डेस्क। दिल्ली में हुए कार धमाके की जांच अभी भी जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के ठिकानों और साथ देने वालों के यहां लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी बीच राजस्थान से बड़ी खबर सामने आई है। राजस्थान के श्रीनाथजी थाना पुलिस ने एक पिकअप वाहन को पकड़ा है, जिसमें अवैध विस्फोटक सामग्री खतरनाक मात्रा में भरी हुई थी। शुरुआती अनुमान यह है कि यदि यह सामग्री विस्फोटित होती, तो करीब 10 किलोमीटर के दायरे में भारी तबाही हो सकती थी।
आमेट से नाथद्वारा की ओर जा रही थी संदिग्ध पिकअप
जानकारी के मुताबिक यह पिकअप आमेट क्षेत्र से नाथद्वारा की तरफ जा रही थी। किसी तरह पुलिस को इसकी सूचना मिली और टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जैसे ही पिकअप की तलाशी ली गई, उसमें भरे विस्फोटक की मात्रा देखकर पुलिसकर्मी भी दंग रह गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया।
विस्फोटक की प्रकृति और क्षमता की जांच जारी
फिलहाल पुलिस टीम सामग्री की गिनती करने और उसकी क्वालिटी तथा विस्फोटक क्षमता की जांच में जुटी है। प्रारंभिक पूछताछ में पिकअप चालक ने कुछ नामों का जिक्र किया है, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि यह विस्फोटक कहां से लाया गया और आखिर इसका इस्तेमाल किस मकसद से होना था।



